भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा अमृतसर के जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू के आह्वान पर शहर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के अलग-अलग भागों में वातावरण की शुद्धता तथा ग्लोबल वार्मिंग को कम करने हेतु चलाए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण अभियान चलाया गया।
इसी कड़ी में भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने अपने बूथ पर पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत करते हुए ग्रीन एवेन्यु वेल्फेयर एसोसिएशन के सदस्यों के साथ मिल कर ग्रीन एवेन्यू पार्क में पौधारोपण अभियान चलाया। उनके साथ इस अवसर पर ग्रीन एवेन्यू वेल्फेयर एसोसिएशन के सदस्य शाम कपूर, राजिंदर जैन, संजीव शर्मा, केशव आनंद, सुनील महाजन, संदीप गुप्ता, अशोक शर्मा, कुलदीप चंडोक, अरुण सेठ, अग्रवाल जी आदि भी उपस्थित थे।
जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि पर्यावरण मानव जीवन के लिए उतना ही जरूरी है जितना सांस लेना, क्योंकि यदि पर्यावरण ही नहीं होगा तो प्राणी सांस कैसे लेगा। आज हर मनुष्य को अपने स्तर पर पर्यावरण को संतुलित रखने के प्रयास करना चाहिए, क्योंकि पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या से मुक्त होना, किसी एक समूह के बस की बात नहीं है।
इस समस्या पर काबू किसी नियम या कानून को लागू करके नहीं पाया जा सकता। अगर हर कोई इसके दुष्परिणाम के बारे मे सोचे और अपनी आने वाली पीढ़ी के बारे मे सोचे, तो ही इससे निजात पाना संभव है। हर साल वायु प्रदूषण के चलते लोग शुद्ध हवा ग्रहण ना करने की वजह से मर रहे हैं और इस आंकड़ों में दिन प्रतिदिन वृद्धि होती जा रही है।